भारतीय जहाजों पर हमलों को लेकर भारत का सख्त रुख, अमेरिकी राजनयिक को किया तलब
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच पिछले तीन दिनों में ओमान तट के निकट तीन वाणिज्यिक जहाजों को अमेरिका द्वारा निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है। इन जहाजों में भारतीय क्रू सदस्य भी सवार थे। इस घटनाक्रम को लेकर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के चार्ज डी अफेयर्स जेसन मीक्स को तलब कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को 20 भारतीय क्रू सदस्यों वाले एक अन्य जहाज पर भी हमला हुआ, जिसके बाद भारत ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताया। यह दूसरा अवसर है जब विदेश मंत्रालय ने इस मामले में अमेरिकी मिशन को तलब किया है। इन हमलों में से एक घटना में तीन भारतीय नाविकों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। इससे पहले इन नाविकों के लापता होने की सूचना सामने आई थी। विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राजनयिक को ओमान तट के निकट भारतीय जहाजों पर हुए हमलों और उनसे हुए नुकसान की जानकारी दी। मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव नागराज नायडू ने भारत की ओर से औपचारिक विरोध दर्ज कराया। भारत ने वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे हमलों और नाविकों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को तत्काल रोकने की मांग की है। विदेश मंत्रालय ने इस पूरे घटनाक्रम पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया है।
Posted By: Daily Suraj Bureau