जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ में मची भगदड़
ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान गुरुवार शाम भगदड़ मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद यात्रा मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे पहांडी रस्म के दौरान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक रथों के निकट पहुंचने लगी। यात्रा मार्ग पर तैनात स्वयंसेवक लोगों को पीछे हटाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे भगदड़ मच गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद प्रशासन और स्वयंसेवकों ने स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू कर दिए। बताया जा रहा है कि इस समय पुरी में तेज बारिश हो रही है। इसके बावजूद रथ यात्रा मार्ग पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालु मौजूद हैं। जगन्नाथ रथ यात्रा मुख्य मंदिर से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित गुंडिचा मंदिर तक जाएगी। समाचार लिखे जाने तक केवल भगवान बलभद्र का रथ ही आगे बढ़ पाया था।
Posted By: Daily Suraj Bureau