अमृतसर में बड़ी कार्रवाई: ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क का खुलासा, एक गिरफ्तार
पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान की ISI समर्थित सीमा पार आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और उसके पास से 4 हैंड ग्रेनेड, 2 विदेशी पिस्तौल तथा भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। यह कार्रवाई स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) अमृतसर और SSOC मोहाली की संयुक्त टीम द्वारा की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहा था और उसका संबंध चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय पर हमले में शामिल आतंकी मॉड्यूल से था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साथ ही, मॉड्यूल से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच जारी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए Gaurav Yadav ने कहा कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोहराया कि राज्य में सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Posted By: Daily Suraj Bureau