भारी बारिश का कहर: जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भूस्खलन, केदारनाथ यात्रा मार्ग बंद
देश के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान सहित 16 राज्यों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे यातायात और यात्रा व्यवस्था प्रभावित हुई है। गुरुवार सुबह उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में भूस्खलन हुआ। गौरीकुंड के पास पहाड़ी खिसकने के बाद केदारनाथ ट्रैकिंग रूट को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से श्रद्धालुओं की आवाजाही भी रोक दी है। हरिद्वार में गंगा से पवित्र जल एकत्र करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया। घाट पर तैनात राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बचा लिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सरयू नदी का जलस्तर और बहाव तेज होने से बाढ़ का पानी गांवों में प्रवेश कर गया है। इसके चलते 100 से अधिक परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भारी बारिश के कारण एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की इमारत की एक दीवार ढह गई। इसके अलावा अकचमल के पास भूस्खलन होने से कारगिल-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया है और वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई है। लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रभावित क्षेत्रों की अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Posted By: Daily Suraj Bureau