मामूली विवाद ने ली जान: हथौड़े से पीटकर किशोर की हत्या
पंजाब के संगरूर में 15 वर्षीय एक लड़के की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटियाला गेट स्थित कृष्णा बस्ती में युवाओं के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा और खूनी झगड़े में बदल गया। इस दौरान एक पक्ष के युवकों ने 15 वर्षीय लड़के को हथौड़े से बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना में मृतक के भाई को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक की पहचान अंकुश के रूप में हुई है, जो 10वीं कक्षा का छात्र था। वहीं, घायल उसका चचेरा भाई आदित्य (18 वर्ष) बताया जा रहा है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिवार के अनुसार, दोनों बच्चों के बीच गली में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जो बाद में हिंसक हो गया। आरोप है कि दो युवकों ने अंकुश को हथौड़े से बेरहमी से पीटकर मार डाला। मृतक के पिता ने बताया कि आरोपित उनके घर के सामने ही रहते हैं। उन्होंने कहा, “उन्होंने मेरे बेटे को किसी बात को लेकर बुलाया और उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। मेरे भतीजे को भी गर्दन के पास चाकू मारा गया है। हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। अगर मामूली बात थी, तो इस तरह मारना कैसे सही हो सकता है?” इस मामले में संगरूर के सरकारी अस्पताल की डॉक्टर नीतिका ने बताया कि अंकुश और आदित्य को सोमवार रात गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान पता चला कि अंकुश की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। उसके शरीर, विशेषकर जांघ पर चोट के निशान पाए गए। वहीं, आदित्य के शरीर पर तीन से चार गंभीर चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटियाला रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau