कुलदीप धालीवाल ने ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज करने के दिए आदेश
विधानसभा क्षेत्र अजनाला के विधायक और आम आदमी पार्टी के पंजाब के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने रमदास कस्बे में बन रहे छप्पड़ के निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, विधायक धालीवाल को शिकायत मिली थी कि स्थानीय निकाय विभाग द्वारा कराए जा रहे छप्पड़ निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वह मंगलवार सुबह मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि छप्पड़ को पक्का करने के लिए पीली ईंटों और अन्य घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस पर उन्होंने तुरंत काम रुकवा दिया। विधायक ने नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) को निर्देश दिए कि इस मामले की तत्काल रिपोर्ट तैयार कर पुलिस को सौंपी जाए, ताकि ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज किया जा सके। साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस अधिकारी की इस कार्य पर निगरानी की जिम्मेदारी है, उसके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मौजूद श्रमिकों को काम बंद करने के निर्देश दिए गए और संबंधित एसएचओ को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के आदेश जारी किए गए। धालीवाल ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे की किसी भी प्रकार की बर्बादी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद पंजाब में विकास कार्य शुरू हुए हैं, लेकिन कुछ ठेकेदार और अधिकारी अब भी अनियमितताओं में लिप्त हैं, जो अस्वीकार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि ठेकेदार के साथ-साथ इस कार्य से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व सरकारों के समय की गड़बड़ियों की आदत रखने वाले ठेकेदारों को अब बख्शा नहीं जाएगा। यदि किसी भी विकास कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Posted By: Daily Suraj Bureau