Daily Suraj

हिन्दी

मोहाली में मान सरकार के खिलाफ भाजपा का हल्लाबोल: केवल ढिल्लों बोले- 'AAP के भ्रष्टाचार का घड़ा भर चुका है'

07 Oct, 2026 05:37 PM

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना विरोध तेज कर दिया है। बुधवार को मोहाली में राज्य सरकार के खिलाफ आयोजित एक बड़े विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि 'आप' सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूब चुकी है और राज्य को तबाही की ओर धकेल रही है। उन्होंने दावा किया कि इस सरकार का अंत अब बहुत करीब है। केवल सिंह ढिल्लों का यह बयान केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) राजबीर घुम्मन सहित कई लोगों पर केस दर्ज किए जाने के बाद आया है। उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने एफआईआर दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री के 'कैंप कार्यालय' समेत कई ठिकानों पर छापेमारी भी की है। मोहाली में प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और 'आप' सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान केवल ढिल्लों ने भ्रष्टाचार के प्रतीकात्मक विरोध के रूप में एक घड़ा (मटका) फोड़ा। ढिल्लों ने कहा, "आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार का घड़ा अब पूरी तरह भर चुका है। जनता के पैसे की कथित लूट और भ्रष्टाचार के मामले अब लगातार उजागर हो रहे हैं। पंजाब को लूटने वालों को राज्य की जनता को पाई-पाई का हिसाब देना होगा।" भाजपा नेता ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी खुद को "कट्टर ईमानदार" बताकर सत्ता में आई थी, लेकिन अब सरकारी फंड की दुरुपयोग और रिश्वतखोरी की परतें एक-एक कर खुल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा पंजाब पुलिस को कई बार पत्र लिखे जाने के बावजूद राज्य सरकार ने मामलों की उचित जांच नहीं की, जिसके कारण मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचा। गौरतलब है कि सीबीआई ने मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घुम्मन के अलावा नितिन गोयल, जितिन गोयल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आरएस नागरा समेत कई अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ढिल्लों ने चेतावनी दी कि पंजाब की जनता इन तमाम घटनाक्रमों को देख रही है और सही समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।

Latest News