'राम के युग की शुरुआत': नमित मल्होत्रा की 'रामायण: भाग 1' का नया पोस्टर जारी, दशहरा से शुरू होगी एडवांस बुकिंग
बहुप्रतीक्षित पौराणिक महाकाव्य फिल्म ‘रामायण: भाग 1’ (Ramayana: Part 1) के निर्माताओं ने फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। दिवाली के पावन पर्व से ठीक पहले, यह फिल्म 5 नवंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रविवार को फिल्म के निर्माताओं ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक नया पोस्टर जारी किया, जिसमें फिल्म की मुख्य स्टारकास्ट की झलक देखने को मिली है। इस भव्य फिल्म में अभिनेता रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साईं पल्लवी माता सीता के किरदार में, रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में और 'रॉकिंग स्टार' यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। निर्माताओं ने स्पष्ट किया कि दो भागों में बनने वाली इस सिनेमाई गाथा का पहला अध्याय 5 नवंबर, 2026 को सभी प्रीमियम फॉर्मेट्स में दुनियाभर में प्रदर्शित किया जाएगा। पोस्टर साझा करते हुए निर्माताओं ने कैप्शन में लिखा, “नवरात्रि के शुभ अवसर पर, हम एक नए युग की शुरुआत का जश्न मना रहे हैं। यह राम के युग की शुरुआत है। नमित मल्होत्रा की ‘रामायण भाग 1’: 5 नवंबर से दुनियाभर के सिनेमाघरों में, सभी प्रीमियम फॉर्मेट में। एडवांस बुकिंग दशहरा पर शुरू होगी।” “यह राम के युग की शुरुआत है” के खास संदेश के साथ किए गए इस ऐलान ने दर्शकों और सिनेमा प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है। साथ ही निर्माताओं ने पुष्टि की है कि फिल्म की एडवांस बुकिंग दशहरा के दिन से शुरू कर दी जाएगी।