फर्जी दवाओं के मामले में रिश्वत मांगने का आरोप, CBI ने IPS अधिकारी को दबोचा
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2012 बैच के हरियाणा कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी दीपक गहलावत को कथित रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार कर लिया। गहलावत वर्तमान में नई दिल्ली स्थित ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं। CBI के अनुसार, इस मामले में 8 जून 2026 को दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान एजेंसी को पता चला कि IPS अधिकारी दीपक गहलावत ने कथित रूप से अपने व्यक्तिगत प्रभाव का इस्तेमाल कर दो व्यक्तियों को राहत दिलाने के बदले भारी रिश्वत की मांग की थी। यह मामला पुडुचेरी में नकली दवाओं की बिक्री से संबंधित है, जिसकी जांच पहले से ही CBI कर रही है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए CBI पहले ही दिल्ली पुलिस के आरोपी इंस्पेक्टर सहित छह अन्य निजी व्यक्तियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एजेंसी ने कार्रवाई के दौरान ट्रैप मनी के रूप में लगभग 25 लाख रुपये बरामद किए थे। इसके अलावा जांच के दौरान 90 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी और कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए थे। दीपक गहलावत की गिरफ्तारी के बाद CBI ने उनसे जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी ने कई डिजिटल डिवाइस, हार्ड डिस्क और महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। CBI का कहना है कि इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
Posted By: Daily Suraj Bureau