श्री अकाल तख्त साहिब में सबूत सौंपने पहुंचेंगी रूप कौर संधू, सीलबंद लिफाफे और पेन ड्राइव में दिए जाएंगे दस्तावेज
शिरोमणि अकाली दल से निष्कासित नेता रूप कौर संधू 9 अक्टूबर को श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होंगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए जानकारी दी कि वह अपने दावों के समर्थन में कुछ ठोस सबूत एक सीलबंद लिफाफे और पेन ड्राइव के माध्यम से सौंपने जा रही हैं। रूप कौर संधू ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से मुलाकात के लिए समय लेने का प्रयास किया था, हालांकि उन्हें अभी तक कोई निश्चित समय नहीं मिल पाया है। इसके बावजूद, उन्होंने फैसला किया है कि वह भाई जिंदा जी और भाई सुखा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर ही श्री अकाल तख्त साहिब में उपस्थित होकर अपने साक्ष्य जमा कराएंगी। गौरतलब है कि शिरोमणि अकाली दल ने हाल ही में रूप कौर संधू पर लगातार अनुशासनहीनता और कथित दुर्व्यवहार के आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया था। इस कार्रवाई के बाद से ही संधू लगातार अपने ऊपर लगे आरोपों पर अपना पक्ष रखने और सबूत पेश करने की बात कह रही हैं।