Daily Suraj

हिन्दी

इंडोनेशिया के माउंट डुकोनो ज्वालामुखी में विस्फोट, 3 ट्रैकर्स की मौत

08 May, 2026 02:05 PM

इंडोनेशिया के नॉर्थ हलमहेरा क्षेत्र स्थित माउंट डुकोनो ज्वालामुखी में शुक्रवार सुबह हुए भीषण विस्फोट में दो विदेशी नागरिकों समेत तीन ट्रैकर्स की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार सभी ट्रैकर्स उस समय प्रतिबंधित क्षेत्र में मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक ज्वालामुखी फटने के समय कुल 20 ट्रैकर्स पहाड़ पर मौजूद थे। इनमें 9 नागरिक सिंगापुर के थे, जबकि बाकी इंडोनेशियाई नागरिक थे। अब तक 15 लोगों को सुरक्षित नीचे लाया जा चुका है, जबकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। विस्फोट के बाद ज्वालामुखी से करीब 10 किलोमीटर ऊंचाई तक धुएं और राख का विशाल गुबार उठा। प्रशासन ने आसपास के इलाकों में राख गिरने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। इंडोनेशिया की ज्वालामुखी निगरानी एजेंसी ने दिसंबर महीने से ही क्रेटर के चार किलोमीटर दायरे में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया हुआ था। इसके बावजूद ट्रैकर्स के वहां पहुंचने के मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एक ट्रैकिंग गाइड तथा एक पोर्टर को हिरासत में लिया गया है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ट्रैकर्स प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंचे।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News