लुधियाना में 3 महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
पंजाब के लुधियाना जिले के तहत आते सुधार इलाके में 25 वर्षीय तीन महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान गांव बुर्ज लिट्टां निवासी हरप्रीत कौर के रूप में हुई है। मृतका के मायके परिवार ने उसके पति पर पहले बुरी तरह मारपीट करने और बाद में गला दबाकर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि इस दुखद घटना में गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई। मायके पक्ष के अनुसार, हरप्रीत कौर पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद के कारण काफी मानसिक तनाव में थी। इसी क्लेश की वजह से वह अपने मायके गांव घुंघराणा (अहमदगढ़ मंडी) चली गई थी। परिजनों का कहना है कि रविवार को उसका पति जसप्रीत सिंह उसे समझा-बुझाकर और आगे से नशा छोड़ने का आश्वासन देकर वापस बुर्ज लिट्टां ले आया था। आरोप है कि सोमवार रात जसप्रीत कथित तौर पर अत्यधिक नशे की हालत में घर लौटा, जिसके बाद उसने हरप्रीत के साथ मारपीट की और फिर उसका गला दबा दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति जसप्रीत सिंह और उसके दादा जोगिंदर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल भेज दिया है। सुधार थाने के प्रभारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Posted By: Daily Suraj Bureau