Daily Suraj

हिन्दी

नई दिल्ली में भारत ने क्वाड शेरपा बैठक की मेज़बानी

04 Sep, 2026 04:19 PM

भारत ने गुरुवार को राजधानी नई दिल्ली में क्वाड शेरपा बैठक की मेज़बानी की। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने इस बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें समुद्री सुरक्षा, उभरती तकनीकें, मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) जैसे प्रमुख विषयों पर प्रगति की समीक्षा की गई। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी देते हुए कहा कि बैठक में क्वाड देशों ने वार्ता और व्यावहारिक गतिविधियों में मज़बूत गति का स्वागत किया। साथ ही, समुद्री सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि, महत्वपूर्ण और उभरती तकनीकें तथा HADR जैसे मुख्य स्तंभों पर हुई प्रगति का आकलन किया गया। बैठक में आगामी क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में घोषित की जाने वाली संभावित नई पहलों पर भी चर्चा हुई। इस बैठक में जापान के विदेश मामलों के वरिष्ठ उप मंत्री हिरोयुकी नमाज़ू, ऑस्ट्रेलिया के विदेश मामलों और व्यापार विभाग (DFAT) की रणनीतिक योजना एवं समन्वय समूह की डिप्टी सचिव एलेनोर जेन लॉसन, और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भाग लिया। राजदूत गोर ने बैठक के बाद ‘X’ पर लिखा, “क्वाड स्पष्ट उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहा है। आज की शेरपा बैठक में हमने ठोस उपलब्धियों के लिए कार्य योजना तैयार की और एक मज़बूत, परिणाम-उन्मुख क्वाड के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाया।” बैठक से पहले विदेश सचिव मिस्री और ऑस्ट्रेलियाई डिप्टी सचिव लॉसन ने द्विपक्षीय हितों पर चर्चा की। इसी तरह, मिस्री ने जापान के वरिष्ठ उप मंत्री नमाज़ू से भी मुलाकात कर साझा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। क्वाड बैठक को भारत की सक्रिय कूटनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और स्थिरता को मज़बूत करना है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News