वैश्विक तनाव के बीच गोल्ड और सिल्वर सस्ते, कीमतों में तेज गिरावट
अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर अब सर्राफा बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत में 12,077 रुपये की गिरावट आई है, जिसके बाद इसका भाव घटकर 1.35 लाख रुपये रह गया है। इससे पहले सोना 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी की कीमतों में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। एक किलोग्राम चांदी का भाव 30,864 रुपये घटकर 2.01 लाख रुपये हो गया है। इससे पहले शुक्रवार को चांदी की कीमत 2.32 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी। बताया जा रहा है कि अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण पिछले 24 दिनों के दौरान सोने की कीमत में कुल 23,956 रुपये और चांदी में 65,200 रुपये की कमी आई है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक परिस्थितियों का असर आने वाले समय में भी कीमती धातुओं की कीमतों पर बना रह सकता है।
Posted By: Daily Suraj Bureau