Daily Suraj

हिन्दी

शेख हसीना का बड़ा ऐलान, दिसंबर में बांग्लादेश लौटकर करेंगी आत्मसमर्पण

10 Jul, 2026 03:26 PM

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पहली बार अपने देश लौटने की योजना का सार्वजनिक रूप से खुलासा किया है। फिलहाल भारत में रह रहीं शेख हसीना ने कहा है कि वह इस वर्ष दिसंबर के आसपास बांग्लादेश लौटेंगी और अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगी। 78 वर्षीय शेख हसीना ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में कहा कि उन्हें इस बात का पूरा अंदाजा है कि बांग्लादेश लौटते ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी जान को भी खतरा हो सकता है, लेकिन इसके बावजूद वह अपने देश वापस जाने का फैसला नहीं बदलेंगी। शेख हसीना ने कहा, "जब मैं वापस जाऊंगी तो मुझे गिरफ्तार किया जा सकता है। मेरी हत्या भी हो सकती है। लेकिन मैं फिर भी लौटूंगी। मेरी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। यदि मुझे मरना ही है, तो मैं अपने देश की मिट्टी पर मरना चाहती हूं, जहां मेरे माता-पिता दफन हैं।" गौरतलब है कि वर्ष 2024 में सरकार विरोधी आंदोलन के बाद शेख हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। इसके बाद छात्र आंदोलन के दौरान की गई कार्रवाई से जुड़े एक मामले में उन्हें मौत की सजा सुनाई गई थी। अब दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने की उनकी घोषणा ने एक बार फिर देश की राजनीति को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News