गलत दिशा से आ रहे पिक-अप ट्रक ने कार को मारी सीधी टक्कर, सरे के 23 वर्षीय जसकरण सिंह की गई जान
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में वैंकूवर से लगभग 300 किलोमीटर दूर उत्तर-पूर्व दिशा में स्थित हाईवे 5 (कोकाहाला) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गलत दिशा से आ रहे एक वाहन की सीधी टक्कर के कारण कार में सवार एक पंजाबी युवक की मौत हो गई, जबकि टक्कर मारने वाले चालक समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान सरे (Surrey) निवासी 23 वर्षीय जसकरण सिंह के रूप में हुई है। मेरिट में तैनात रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा तड़के उस समय हुआ जब मेरिट की ओर से दक्षिण दिशा में जा रहे एक काले रंग के पिक-अप ट्रक का चालक अचानक सड़क के गलत तरफ चला गया। इस दौरान उत्तर दिशा की ओर जा रही ट्रैफिक लेन में पिक-अप ट्रक ने सामने से आ रही एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्मों का ताब न सहते हुए जसकरण सिंह ने दम तोड़ दिया। घायलों की उम्र 24 से 38 वर्ष के बीच बताई जा रही है। मेरिट पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गलत दिशा में गाड़ी चलाकर टक्कर मारने वाला पिक-अप चालक भी इस समय अस्पताल में भर्ती है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उससे इस बात की कड़ी पूछताछ की जाएगी कि वह सड़क के गलत हिस्से पर वाहन क्यों चला रहा था। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।