Daily Suraj

हिन्दी

कनाडा में पंजाबी मूल के पुलिस अधिकारी ओपिंदर कूनर का सम्मान; बंधक बनाई गईं महिलाओं की बचाई थी जान

07 Oct, 2026 09:49 AM

कनाडा में पंजाबी मूल के पुलिस अधिकारी कांस्टेबल ओपिंदर कूनर और उनके तीन साथी अधिकारियों को एक जानलेवा वारदात के दौरान दो महिलाओं की जान बचाने तथा असाधारण बहादुरी का परिचय देने के लिए 'चीफ कांस्टेबल्स साइटेशन' (Chief Constable's Citation) से विशेष रूप से सम्मानित किया गया है। वैंकूवर पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह घटना लगभग दो साल पहले (दिसंबर 2024 में) घटी थी। घटनास्थल की गहन जांच और पीड़ितों के बयानों के आधार पर पुलिस अधिकारियों को यह सम्मान प्रदान किया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 4 दिसंबर 2024 की सुबह कांस्टेबल ओपिंदर कूनर, राइली नेल्म्स, ब्रायन रोगर और माइकल वू को 911 पर सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने डाउनटाउन के एक रेस्तरां में घुसकर शराब और चाकू चोरी कर लिया है। सूचना मिलते ही जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो संदिग्ध व्यक्ति सामने स्थित एक स्टोर में घुस चुका था। वहां उसने एक महिला कर्मचारी के सिर, पीठ और हाथ पर चाकू से कई वार कर दिए। इस हमले में गंभीर रूप से घायल महिला और उसकी एक अन्य महिला साथी हमलावर के साथ स्टोर के भीतर ही फंस गई थीं। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने तुरंत स्टोर के अंदर प्रवेश कर स्थिति को बातचीत से शांत करने का प्रयास किया। जब यह कोशिश नाकाम रही, तो एक कांस्टेबल ने 'कंडक्टेड एनर्जी वेपन' (टेज़र) का इस्तेमाल किया, हालांकि हमलावर पर इसका कोई असर नहीं हुआ। जैसे ही वह चाकू लेकर दोनों महिलाओं की ओर दोबारा झपटा, तो दूसरे कांस्टेबल ने गोली चलाकर खतरे को तुरंत निष्प्रभावी कर दिया। गोली लगने से संदिग्ध हमलावर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुलिस अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित महिलाओं को प्राथमिक उपचार और चिकित्सीय सहायता पहुंचाई। इस जानलेवा खतरे को टालने और दो महिलाओं की बहुमूल्य जान बचाने के लिए कांस्टेबल ओपिंदर कूनर, राइली नेल्म्स, ब्रायन रोगर और माइकल वू की बहादुरी की वैंकूवर पुलिस विभाग द्वारा जमकर सराहना की गई है।

Latest News