Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में मानसून सक्रिय, चंडीगढ़ समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी

23 Jul, 2026 08:44 AM

पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। जालंधर सहित राज्य के कई इलाकों में गुरुवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जबकि कई स्थानों पर बीती रात भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज चंडीगढ़ और पंजाब के 23 जिलों के लिए बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, पंजाब और चंडीगढ़ के ऊपर मानसून ट्रफ सक्रिय है। इसके साथ ही जम्मू क्षेत्र के निकट एक पश्चिमी विक्षोभ भी पहुंच रहा है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव के कारण अगले 2 से 3 दिनों तक राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि इस दौरान समय-समय पर बादल छाए रहेंगे और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की भी संभावना है। चंडीगढ़ में भी रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि बारिश के बावजूद राज्य में उमस और गर्मी का असर बना रह सकता है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News