Daily Suraj

हिन्दी

अमेरिका में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ FBI की वांटेड सूची में शामिल, 50 हजार डॉलर का इनाम घोषित

08 Jul, 2026 07:48 AM

अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने भारतीय मूल के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को वांटेड घोषित कर दिया है। एजेंसी ने उसकी गिरफ्तारी या उसके बारे में ऐसी विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार अमेरिकी डॉलर के इनाम की घोषणा की है, जिससे उसकी गिरफ्तारी में मदद मिल सके। FBI द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी के लिए आम लोगों से सूचना मांगी गई है। एजेंसी का कहना है कि उसके बारे में विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराने वाले को घोषित इनाम दिया जाएगा। गोल्डी बराड़ का नाम कई गंभीर आपराधिक मामलों से जुड़ा रहा है और वह भारतीय जांच एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में भी शामिल है। ऐसे में FBI द्वारा भी उसे वांटेड घोषित कर इनाम की घोषणा करना एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पहले अमेरिकी एजेंसियों ने भारत से जुड़े संगठित आपराधिक गिरोहों के साथ कथित संबंध रखने वाले 24 संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। इन पर हत्या, जबरन वसूली और मादक पदार्थों की तस्करी सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन संदिग्धों में वर्ष 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की कथित साजिश से जुड़े लोग भी शामिल बताए गए हैं। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर निज्जर की हत्या की साजिश रचने के आरोप हैं। अमेरिकी संघीय वकीलों ने कहा है कि अमेरिका, कनाडा और यूरोप में चलाए गए 'ऑपरेशन हार्डबॉल' के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News