उत्तरकाशी दुर्घटना: 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगानी के पास पंजाब पंजीकरण संख्या वाली एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित तीन अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 8:08 बजे हुआ। स्थानीय लोगों ने कार को खाई में गिरते हुए देखा और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू किया गया। घटना के बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम टॉर्च की सहायता से करीब 250 मीटर गहरी खाई में उतरी। बचाव दल ने रस्सियों की मदद से मृतकों के शवों को बाहर निकाला। वहीं घायल लोगों को उपचार के लिए उत्तरकाशी जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान से संबंधित जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
Posted By: Daily Suraj Bureau