Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब भाजपा में बड़ा बदलाव, केवल सिंह ढिल्लों को सौंपी गई कमान

28 May, 2026 11:42 PM

पंजाब भाजपा में बड़े संगठनात्मक बदलाव के तहत पार्टी हाईकमान ने बरनाला के पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सहमति से की गई है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। केवल सिंह ढिल्लों को पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है और वह लंबे समय से पार्टी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। भाजपा नेतृत्व ने पंजाब में एक सिख चेहरे को आगे लाने की रणनीति के तहत यह फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि तरुण चुघ, मंत्री श्रीनिवासलू और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई वरिष्ठ नेता लंबे समय से प्रदेश इकाई की कमान किसी सिख नेता को सौंपने की वकालत कर रहे थे। 75 वर्षीय केवल सिंह ढिल्लों जून 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। वह वर्ष 2007 से 2017 तक बरनाला से विधायक रह चुके हैं। राजनीति के अलावा उन्हें एक सफल कारोबारी के रूप में भी जाना जाता है। पार्टी अब उनके संगठनात्मक अनुभव पर भरोसा जताते हुए 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब में अपने कैडर नेटवर्क को मजबूत करने की तैयारी कर रही है। भाजपा का मानना है कि ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी को राज्य में नई दिशा और मजबूती मिल सकती है। गौरतलब है कि मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ का तीन साल का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है। नई नियुक्ति के बाद पंजाब भाजपा में नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि केवल सिंह ढिल्लों पार्टी संगठन को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News