Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में बदलेगा मौसम का मिजाज: 8 जिलों में आज बारिश के आसार, कल से छाएगी धूप और बढ़ेगा दिन का पारा

19 Sep, 2026 10:40 AM

पंजाब में मानसून के अंतिम दौर के साथ ही मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज राज्य के 8 प्रमुख जिलों—पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का और रूपनगर में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें या बारिश पड़ सकती है। हालांकि, कल से पूरे राज्य में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है। पश्चिमी हवाओं की दस्तक, दिन और रात के तापमान में दिखेगा अंतर मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, क्षेत्र में पश्चिमी शुष्क हवाएं चलना शुरू हो गई हैं। ये गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाएं दिन के समय धूप का असर बढ़ाएंगी, जिससे अधिकतम तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी। वहीं, सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके परिणामस्वरूप अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर बढ़ने की पूरी संभावना है। मौसम परिवर्तन का मुख्य कारण: एंटी-साइक्लोन और लो-प्रेशर एरिया मौसम विभाग ने इस बदलाव के तकनीकी कारणों को स्पष्ट करते हुए बताया कि एक कम दबाव का क्षेत्र (Low-Pressure Area) थाईलैंड को पार करके अब बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव ओडिशा तक फैला हुआ है। इसके साथ ही राजस्थान के ऊपर एक 'एंटी-साइक्लोन' (Anti-cyclone) बनने जा रहा है। इस स्थिति में हवा घड़ी की दिशा में घूमते हुए नीचे की ओर दबाव बनाती है, जिसे 'सबसिडेंस' (Subsidence) कहा जाता है। यह प्रक्रिया बादलों के निर्माण को रोकती है, जिससे आसमान साफ होता है और शुष्क मौसम बना रहता है। मानसून की वापसी का रास्ता साफ सक्रिय हो रही पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस बदलाव से पंजाब में भी बादल छटने लगे हैं, जिससे राज्य से मानसून की विदाई का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। यद्यपि मौसम विभाग ने अभी पंजाब से मानसून के पूरी तरह चले जाने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि 20 या 21 सितंबर से वापसी की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष पंजाब से मानसून की पूर्ण विदाई 24 सितंबर को हुई थी।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News