पंजाब स्थानीय निकाय चुनाव परिणाम: ‘आप’ ने 200 से ज्यादा सीटें जीतीं
पंजाब में आठ नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के लिए डाले गए वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह 8 बजे से जारी है। अब तक घोषित परिणामों में आम आदमी पार्टी (आप) सबसे आगे चल रही है। पार्टी ने अब तक 203 सीटों पर जीत दर्ज की है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस 77 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है, जबकि शिरोमणि अकाली दल 66 सीटें जीतकर तीसरे स्थान पर है। भारतीय जनता पार्टी को अब तक 11 सीटों पर सफलता मिली है। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 73 सीटों पर जीत हासिल की है। उल्लेखनीय है कि इन स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान 26 मई को हुआ था। राज्यभर में कुल 115 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती जारी है। बटाला नगर निगम में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने 50 वार्डों में से चार वार्डों में जीत हासिल की है, जबकि अन्य सीटों की मतगणना अभी जारी है। वहीं, मलेरकोटला में 33 वार्डों में से चार के परिणाम घोषित किए गए हैं। इनमें कांग्रेस ने तीन वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि एक वार्ड में आम आदमी पार्टी को सफलता मिली है। करतारपुर नगर परिषद के 15 वार्डों में से 13 के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें आम आदमी पार्टी के 9 उम्मीदवार, कांग्रेस के 2 उम्मीदवार और 2 निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे हैं। बरनाला में आम आदमी पार्टी ने तीन सीटों पर जीत हासिल की है। गिद्दड़बाहा नगर परिषद में पार्टी ने 19 वार्डों में से 7 वार्डों में जीत दर्ज की है। समराला के वार्ड नंबर 10 से शिरोमणि अकाली दल के रामजीत सिंह विजयी रहे। इसके अलावा, समराला के वार्ड नंबर 3 से रजिंदर कौर (आप), वार्ड नंबर 8 से दीपक कुमार (भाजपा) और वार्ड नंबर 5 से जसप्रीत कौर (आप) ने जीत दर्ज की है। डेराबस्सी नगर परिषद में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार हरजीत कौर ने वार्ड नंबर 19 में जीत हासिल की। वहीं, कपूरथला नगर निगम में कांग्रेस उम्मीदवारों ने वार्ड नंबर 1, 6, 7 और 11 में जीत दर्ज की है।
Posted By: Daily Suraj Bureau