पंजाब में SIR का पहला चरण पूरा, 13 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
पंजाब में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) का पहला चरण पूरा हो गया है। इस संबंध में मुख्य चुनाव अधिकारी आनंदिता मित्रा ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पहले चरण की प्रगति और आगे की प्रक्रिया की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा राज्यभर में 2.61 करोड़ एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए गए थे, जिनमें से लगभग 2.41 करोड़ फॉर्म वापस प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को चुनाव आयोग ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करेगा। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद लगभग एक महीने तक नागरिक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा करेंगे तथा पात्र मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं के दस्तावेजों को लेकर कोई संदेह होगा, उन्हें ईआरओ की ओर से नोटिस भेजा जाएगा। ऐसे मतदाताओं को अपने संबंधित दस्तावेजों के साथ ईआरओ के समक्ष उपस्थित होकर आवश्यक सत्यापन कराना होगा। आनंदिता मित्रा ने बताया कि 4 लाख 12 हजार 715 मतदाता ट्रेस नहीं हो सके, जबकि 5.74 लाख मतदाता मृत पाए गए। इसके अलावा 1 लाख 19 हजार 145 डबल वोट की पहचान की गई है और 12 लाख मतदाताओं का मैपिंग नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि जो लोग नए मतदाता के रूप में अपना नाम दर्ज कराना चाहते हैं, वे अब फॉर्म नंबर-6 भरकर जमा कर सकते हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग का प्रयास है कि SIR प्रक्रिया के दौरान कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। जिन लोगों का निधन हो चुका है या जो स्थायी रूप से किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गए हैं, उन्हें नोटिस जारी नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 12 लाख अनमैप्ड मतदाता ऐसे हैं जिनके नाम मतदाता सूची में मौजूद हैं, लेकिन उनकी वोट का मैपिंग नहीं हो पाया है। ऐसे मतदाता अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी वोट को नियमित (रेगुलर) करवा सकते हैं।
Posted By: Daily Suraj Bureau