यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम, PRTC का बेड़ा बढ़ा
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को पटियाला पहुंचे, जहां उन्होंने पंजाब रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (PRTC) के बेड़े में 250 नई बसों को शामिल करने की शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने PRTC के कर्मचारियों, बस चालकों और कंडक्टरों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि नई बसों का शामिल होना केवल परिवहन सुविधाओं में सुधार नहीं है, बल्कि यह लोगों को बेहतर, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में 300 से अधिक बसें और PRTC के बेड़े में शामिल की जाएंगी। सरकार लोगों की सुविधा के लिए लगातार ऐसे प्रयास कर रही है, जिससे पंजाब को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी पार्टी द्वारा चुनाव से पहले दी गई गारंटियों को सरकार बनने के चार वर्षों के भीतर ही पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा किया था और अब एससी (SC) और बीसी (BC) वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने का निर्णय लिया गया है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष इस फैसले पर भी सवाल उठा रहा है और पूछता है कि 1500 रुपये से क्या होता है। उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं के लिए यह राशि कम हो सकती है, लेकिन आम परिवारों के लिए यह महत्वपूर्ण सहायता है। उनके अनुसार, यदि किसी परिवार में दो महिलाएं हैं, तो 3000 रुपये की राशि से पूरे महीने के घरेलू खर्च में मदद मिल सकती है।
Posted By: Daily Suraj Bureau